Himachal Pradesh : जिला मंडी में बीती रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में अचानक आई बाढ़ ने इस कदर कहर बरपाया कि लोगो को जान बचाना भी चुनौती बन गया। मंडी शहर के जेल रोड़ में अभी तक तीन लोगों की पानी के बहाव में बहने से मौत की पुष्टि हुई है।

Himachal Pradesh मंडी में बादल फटने से 3 लोगो की मौत
हिमाचल के जिला मंडी में बीती रात से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यहाँ बादल फटने से इस बार मंडी शहर के विभिन्न स्थानों पर कहर बरपा है। मंडी शहर के व्यस्त इलाके जेल रोड में बारिश का कहर सबसे ज्यादा देखा गया, जहां अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बताया जा रहा है कि एक महिला का शव मलबे में दबी गाड़ियों के बीच फंसा हुआ मिला, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। मलबे में फंसे कई लोगों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। मंडी सदर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने का फैसला लिया गया। बादल फटने के बाद आई बाढ़ में दर्जनों छोटे-बड़े वाहन मलबे में दब गए हैं और कुछ बह गए हैं। इसके अलावा पैलेस कालोनी, जोनल अस्पताल और अन्य स्थानों पर बारिश ने कहर बरपाया है। पुलिस विभाग, एनडीआरएफ, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग की टीमों की ओर से बचाव एवं राहत कार्य चलाया जा रहा है।

जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जानकारी दी कि फ्लैश फ्लड की चपेट में आए 3 लोगो के शवों को बरामद कर लिया गया है। मृतको की पहचान बलवीर सिंह पुत्र किशन सिंह,सपना पत्नी दर्शन सिंह और अमनदीप सिंह पुत्र दर्शन सिंह के रूप में की गई है जबकि दर्शन सिंह पुत्र किशन सिंह घायल है उन्हें उपचार के लिए मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपायुक्त ने बताया कि मृतको के परिजनों को हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जा रही है। शहर वासियों ने डर के साए में पूरी रात काटी । सुबह नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक सदर अनिल शर्मा, नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट, कमीशनर रोहित राठौर और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी मंडी साक्षी वर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं।
यह भी पढ़े : श्री नयनादेवी दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकप गाड़ी नहर में गिरी,दो बच्चों सहित 4 की मौत