Himachal Pradesh : हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक की 6 प्रमुख विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने हरिपुर तहसील के बनखंडी में दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान में 47.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अस्पताल और डाइग्नोस्टिक ब्लॉक, केंद्रीयकृत रसोईघर, क्वारंटीन केंद्र का शिलान्यास किया।

Himachal Pradesh CM सुक्खू ने 6 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए की छह विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हरिपुर तहसील के बनखंडी में दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान में 47.62 करोड़ रुपए की लागत से अस्पताल प्रशासन एवं डायगनोस्टिक ब्लॉक, केन्द्रीकृत रसोईघर तथा क्वारंटीन केंद्र और 16.25 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ पेयजल योजना की आधारशिला रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 12.87 करोड़ रुपए की लागत से हरिपुर से सक्री गैहरा सड़क के स्तरोन्नयन कार्य, 6.64 करोड़ रुपए की लागत से थाथर त्रिपाल से मेहवा पंचायत सड़क तथा 10.29 करोड़ रुपए की लागत से गुलेर से नंदपुर बरियाल लदरेट सड़क के शिलान्यास किए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने देहरा तहसील में 4.96 करोड़ रुपए की लागत वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बनखंडी में 619 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान निर्मित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान से पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रथम चरण में 150 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं और 43 बाड़ों का निर्माण किया जा रहा है। इस पार्क की चहारदीवारी का कार्य 90 फीसदी पूरा हो चुका है और आठ चेकडैम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा जल के संग्रहण के लिए और चेकडैम का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि सतत अधोसंरचना और पर्यावरण साझेदारी की नवीन पहल के साथ यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनकर उभरेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्यान में निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और इसमें सुधार और समयबद्ध पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को समयबद्ध पूर्ण किया जाना चाहिए, ताकि इस परियोजना से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो।
यह भी पढ़े : CM सुक्खू ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना तथा हरित अंगीकरण योजना का किया शुभारंभ
78 प्रजातियों के रखे जाएंगे जानवर
CM सुक्खू ने यह भी बताया कि इस वन्य प्राणी उद्यान में एशियाई शेर, हॉग डियर, मॉनिटर लिजार्ड, मगरमच्छ, घड़ियाल सहित कुल 78 प्रजातियों के जानवरों को रखा जाएगा। इसके अलावा एक वैटलैंड एवियरी का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें देशी पक्षियों की प्रजातियां संरक्षण में रखी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सतत अधोसंरचना के विकास और पर्यावरण संरक्षण के साथ यह उद्यान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।